नितेश जायसवाल
हेरहंज
कमांडेंट संजीव कुमार, 35वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के दिशा-निर्देश पर ‘ई’ समवाय हेरहंज के कार्यक्षेत्र में सोमवार, 10 अगस्त को ‘हर घर तिरंगा-2026’ कार्यक्रम के तहत उत्क्रमित मध्य विद्यालय घुरे, हेरहंज में स्कूली बच्चों के साथ तिरंगा रैली का आयोजन किया गया. रैली का नेतृत्व सशस्त्र सीमा बल के सहायक कमांडेंट श्यामल विश्वास ने किया.
रैली में विद्यालय के सभी बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.इस दौरान बच्चों ने देशभक्ति के नारे “भारत माता की जय”, “सबसे ऊंचा देश हमारा” और “हम सब एक हैं” के जयकारे लगाए.रैली के दौरान बच्चों में देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता का उत्साह देखने को मिला.
रैली से पूर्व सहायक कमांडेंट श्यामल विश्वास ने विद्यालय के बच्चों को भारतीय राष्ट्रीय ध्वज ‘तिरंगा’ के महत्व के बारे में जानकारी दी. उन्होंने बताया कि तिरंगा देश की स्वतंत्रता, एकता और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है.ध्वज की तीन समान चौड़ाई वाली क्षैतिज पट्टियां और बीच में स्थित अशोक चक्र देश के आदर्शों एवं मूल्यों का प्रतिनिधित्व करते हैं.उन्होंने बच्चों से राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करने और देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने का आह्वान किया.
इस अवसर पर हेरहंज थाना के एसआई पारस मणि, विद्यालय के प्रधानाचार्य पवन कुमार, शिक्षक प्रेम जायसवाल एवं विकास जायसवाल सहित विद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे.रैली विद्यालय परिसर से शुरू होकर निर्धारित मार्ग से गुजरते हुए शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई.
कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया.






