ललमटिया डैम में मछली पकड़ने गए दो लोगों की वज्रपात से मौत, गांव में पसरा मातम

लातेहार:

नितेश जायसवाल

जिले के ललमटिया डैम में मछली पकड़ने के लिए जाल लगाने गए दो लोगों की शुक्रवार को वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान नवाडीह लोटो निवासी दिनेश भुइयां (26 वर्ष), पिता सुरेंद्र भुइयां और मुकेश भुइयां (40 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों ईचाक पंचायत क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, दोनों लोग ललमटिया डैम में मछली पकड़ने के लिए जाल लगाने गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए दोनों पास स्थित महुआ के पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी बीच तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली पेड़ पर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना मृतकों के परिजनों और स्थानीय प्रशासन को दी। हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा और सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

Leave a Comment

और पढ़ें