हेरहंज
नितेश जायसवाल
प्रखंड कार्यालय सभागार में मंगलवार को सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार के नेतृत्व में सभी बीएलओ एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों को मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत दावा एवं आपत्ति तथा नोटिस एवं सत्यापन से संबंधित विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 5 अगस्त 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन किया जाएगा। इसी दिन से 4 सितंबर 2026 तक दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने की अवधि निर्धारित की गई है। इस दौरान पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने, त्रुटियों में सुधार करने तथा आवश्यक संशोधन से संबंधित आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
इस अवसर पर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई। 5 अगस्त 2026 को सभी डीईओ, ईआरओ एवं एईआरओ कार्यालयों तथा सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा और न्यूवोटर्स सोशल मीडिया अभियान चलाया जाएगा। 8 एवं 9 अगस्त 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने हेतु प्रथम विशेष शिविर आयोजित होगा। 15 अगस्त 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 1:00 बजे तक सभी पंचायत भवनों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 22 एवं 23 अगस्त 2026 को दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने हेतु द्वितीय विशेष शिविर लगाया जाएगा। वहीं 25 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक मतदान केंद्र क्षेत्रों में घर-घर जाकर होम-टू-रोल सत्यापन अभियान चलाया जाएगा।
प्रशिक्षण में बताया गया कि होम-टू-रोल सत्यापन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो। जिन योग्य नागरिकों का नाम अभी तक सूची में दर्ज नहीं है, वे प्रपत्र-6 के माध्यम से आवेदन करें। जिन मतदाताओं का नाम गलत मतदान केंद्र में दर्ज है, वे अपने सही मतदान केंद्र पर नाम स्थानांतरित कराने के लिए प्रपत्र-8 जमा करें।
इसके अलावा यह भी जानकारी दी गई कि झारखंड से बाहर, जैसे बिहार एवं पश्चिम बंगाल आदि राज्यों में निवास कर रहे परिवारों के पात्र सदस्यों का नाम भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रपत्र-8 एवं घोषणा-पत्र के माध्यम से झारखंड की मतदाता सूची में दर्ज कराया जा सकता है।
प्रशिक्षण के दौरान यह भी बताया गया कि 4 सितंबर 2026 तक प्रत्येक परिवार के घर पर “फैमिली टुगेदर स्टीकर चिपकाने का कार्य पूरा किया जाएगा, ताकि मतदाता सूची का सत्यापन प्रभावी एवं पारदर्शी ढंग से सुनिश्चित किया जा सके।

सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार ने सभी बीएलओ एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूर्णतः पालन करते हुए समयबद्ध, निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित पुनरीक्षण कार्य संपन्न करने का निर्देश दिया। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई कि वे निर्धारित अवधि के भीतर अपने मतदाता विवरण की जांच कर आवश्यक दावा एवं आपत्ति अवश्य दर्ज कराएं। साथ हीं एसआईआर के प्रथम चरण में सर्वप्रथम डिजिटइजेशन कार्य सफलता पूर्वक सम्पन्न कराने वाले तीन बीएलओ प्रमिला देवी,नागेश्वर ठाकुर एंव नन्दकिशोर यादव को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।





