नितेश जायसवाल
हेरहंज
प्रखंड मुख्यालय स्थित पुरनी हेरहंज टोला में शनिवार को घर के समीप काम करने के दौरान जहरीले सांप के डंसने से 33 वर्षीय मो0 मुस्ताक अंसारी पिता मो0 नेजामुद्दीन अंसारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार, मो. मुस्ताक अंसारी शनिवार को अपने घर के पास काम कर रहे थे। इसी दौरान एक जहरीले सांप ने उन्हें डंस लिया। सांप के डंसने के बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें तुम्बागड़ा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया। इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय थाना पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, लातेहार भेज दिया।
बताया जाता है कि मृतक मो0 मुस्ताक के परिवार में उनकी पत्नी और तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल है। तीनों बच्चे नाबालिग हैं। पिता की मौत के बाद बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से पूरे पुरनी हेरहंज टोला में शोक का माहौल है।






