मुहर्रम को लेकर हेरहंज थाना परिसर में शांति समिति की बैठक सम्पन्न, सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील

लातेहार / हेरहंज

नितेश जायसवाल

आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से हेरहंज थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंचलाधिकारी (सीओ) दिवाकर दुबे ने की, जबकि संचालन थाना प्रभारी कृष्णपाल सिंह पवैया ने किया।
बैठक में दोनों समुदायों के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर पर्व को शांतिपूर्वक मनाने के संबंध में अपने विचार रखे। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से आपसी सहयोग बनाए रखने तथा सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने की अपील की।
अध्यक्षीय संबोधन में सीओ दिवाकर दुबे ने कहा कि त्योहार किसी एक समुदाय का नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का प्रतीक होते हैं। उन्होंने दोनों समुदायों से मिल-जुलकर प्रेम, सद्भाव और आपसी सम्मान के साथ मुहर्रम पर्व मनाने का आग्रह किया। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी समस्या की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की बात कही।
वहीं थाना प्रभारी कृष्णपाल सिंह पवैया ने कहा कि मुहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार का हुड़दंग, अशांति या कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएंगे और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने में प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।मौके पर जिला परिषद सदस्य चंचला देवी,उप-प्रमुख विजय उरांव,सांसद प्रतिनिधि रंजीत जायसवाल,कांग्रेस प्रखण्ड अध्यक्ष लाडले खान,कलीम अंसारी,अयूब अंसारी, एनुल अंसारी,शिवनाथ रजक,बिहारी गुप्ता, गुलाब अंसारी,प्यारुल अंसारी,अब्दुल अंसारी,बाबर अंसारी,शिव कुमार टैचुन समेत दोनों समुदाय के लोग मौजूद थे।

Leave a Comment

और पढ़ें