वज्रपात की चपेट में आने से 35 वर्षीय युवक की मौत, गांव में पसरा मातम

लातेहार/हेरहंज

नितेश जायसवाल

प्रखंड क्षेत्र के सलैया पंचायत अंतर्गत मारी गांव में वज्रपात की चपेट में आने से एक 35 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान मारी निवासी सरोज गंझू (35 वर्ष), पिता रामदेव गंझू के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरोज गंझू शुक्रवार को अपने गांव मारी में ही मौजूद था। इसी दौरान क्षेत्र में हल्की बारिश के साथ तेज गर्जना शुरू हो गई। अचानक हुए वज्रपात की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना इतनी भयावह थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। युवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक की लहर व्याप्त है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने बताया कि मौसम खराब होने के दौरान लोग अपने-अपने घरों की ओर जा रहे थे, तभी अचानक आसमान से गिरी बिजली ने सरोज गंझू को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा राहत के तहत उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।

Leave a Comment

और पढ़ें